शहर के मिरचाईबारी में नगर निगम का बड़ा एक्शन
कटिहार – शहर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर निगम का बुलडोजर एक बार फिर गरज उठा। शहर के व्यस्त मिरचाईबाड़ी इलाके में नगर निगम प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार और अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटते नजर आए।
जबकि निगम की टीम एक-एक कर अवैध ढांचों को हटाने में जुटी रही। प्रशासन का कहना है कि मिरचाईबारी में लगातार बढ़ते अतिक्रमण की वजह से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी और सड़कें सिकुड़ती जा रही थीं। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि संबंधित लोगों को पहले ही चेतावनी और नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन के इस एक्शन के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप है।
जबकि आम लोगों ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल का स्वागत किया है। इस दौरान फाइन के रूप में 27000 की राशि वसुली गयी। इस मौके पर नगर आयुक्त संतोष कुमार, अंचलाधिकारी अंशु कुमार, सहायक अभियंता विवेक कुमार, कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह, स्वच्छता निरीक्षक कौशल नारायण चौधरी, सहायक लोक स्वच्छता एवं अवशिष्ट पदाधिकारी नूर अली खान एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे ।

























