पति निकला साइकिल चोर,पत्नी बनी कानून की रक्षक ! डायल 112 बुलाकर खुद पहुंचाया सलाखों के पीछे

SHARE:

सागर चंद्रा/किशनगंज

बकरीद मनाने मायके आई एक महिला ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी इलाके में जमकर चर्चा हो रही है। पति के प्यार और रिश्ते से ऊपर कानून को रखते हुए महिला ने अपने ही पति को पुलिस के हवाले कर दिया। मामला साइकिल चोरी का है, लेकिन कहानी किसी फिल्मी ट्विस्ट से कम नहीं।


जानकारी के अनुसार, टाउन थाना क्षेत्र के सिमलबाड़ी समियापुर निवासी 24 वर्षीय गुलशन खातून अपने मायके में बकरीद की तैयारी में जुटी थी। इसी दौरान उसका पति मोहम्मद दानीस (निवासी हल्दी खोड़ा, कोचाधामन) दो साइकिल लेकर ससुराल पहुंचा। जब ससुराल वालों ने अचानक दो साइकिल देखकर पूछताछ की, तो दानीस ने बेझिझक स्वीकार कर लिया कि दोनों साइकिल उसने चोरी की हैं।


यह सुनते ही घर का माहौल बदल गया। ससुराल वालों ने उसे समझाया कि जिस व्यक्ति की साइकिल है, उसे वापस कर दो। लेकिन दानीस अपनी जिद पर अड़ा रहा और साइकिल लौटाने से साफ इनकार कर दिया।


पति की इस हरकत से नाराज गुलशन खातून ने बड़ा फैसला लिया। उसने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दानीस के साथ चोरी की दोनों साइकिल बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया।

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि पत्नी ने खुद लिखित शिकायत देकर अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर टाउन थाना में मामला दर्ज कर लिया और आरोपी को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

इस घटना के बाद इलाके में गुलशन खातून की चर्चा एक जागरूक और साहसी महिला के रूप में हो रही है। लोग कह रहे हैं कि जहां अक्सर रिश्तों के कारण अपराध छिपा दिए जाते हैं, वहीं इस महिला ने कानून का साथ देकर समाज के सामने एक अलग मिसाल पेश की।

नोट:खबर में प्रकाशित तस्वीर एक सांकेतिक तस्वीर है

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई