कटिहार में चार दिवसीय बिहार राज्य अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता का हुआ समापन

SHARE:

छपरा की मोहिनी पंडित प्रथम स्थान प्राप्त कर बनी चैंपियन

कटिहार – कटिहार जिला चेस एसोसिएशन की ओर से ऑल बिहार चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय बिहार राज्य अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया ।

प्रतियोगिता के आयोजन में लियो क्लब ऑफ कटिहार टाउन का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद तारिक अनवर एवं नगर निगम की मेयर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए आयोजन की सराहना की तथा विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कटिहार चेस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विकास खंडेलिया, गीत अविनाश,कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील यादव, इंटरनेशनल ऑर्बिटल के नंदकिशोर श्रीवास्तव, लियो क्लब ऑफ कटिहार टाउन के डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट तेजस चौरसिया तथा संजीवनी नेत्रालय के आलोक सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के गर्ल्स वर्ग में छह राउंड की प्रतिस्पर्धा के बाद छपरा की मोहिनी पंडित ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पटना की आराध्या प्रकाश उपविजेता रहीं। जबकि मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन वर्ग में सात राउंड के रोमांचक मुकाबलों के बाद पटना के देवांश केशरी विजेता बने।

किशनगंज के सुरनॉय दास ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि दरभंगा के हर्षवर्धन सिंह तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में बिहार के 19 जिलों से लगभग 95 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में बौद्धिक विकास, एकाग्रता, निर्णय क्षमता एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के कोषाध्यक्ष राकेश चौधरी, सचिव प्रत्यूष कुमार, सहसचिव सत्यम समदर्शी सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई