कोढा /कटिहार-बिहार में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार एसटीएफ और कटिहार जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कोढ़ा गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लूट की बड़ी रकम बरामद की है। इस कार्रवाई में कुल ₹4,60,000 रुपये बरामद किए गए हैं। जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 22 मई 2026 को मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र में शिवकुमार तिवारी से ₹1,40,000 रुपये की लूट की गई थी। इसी दिन मधुबनी जिले के ही लखनौर थाना क्षेत्र में जगदीश महतो से ₹3,20,000 रुपये लूटे गए थे। इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर 28 मई 2026 को बिहार एसटीएफ और कटिहार पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान मामले में संलिप्त अपराधी की पहचान आर्यन कुमार यादव थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में की गई। पुलिस टीम ने उसके घर पर छापा मारकर लूट की पूरी राशि बरामद कर ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से कोढ़ा गैंग की गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा।
साथ ही अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस ने आम जनता से अपील किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।























