दिल्ली:राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान सीमा के पार से देश में हथियारों, गोला-बारूद और आईईडी की तस्करी के एक मामले में चार राज्यों में बहुस्तरीय तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि उत्तर प्रदेश (4 स्थान), राजस्थान (2 स्थान), बिहार (2 स्थान) और महाराष्ट्र (3 स्थान) में कुल 12 स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। एनआईए टीमों द्वारा चलाए गए समन्वित अभियान के दौरान कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए, जिनका आगे फोरेंसिक विश्लेषण किया जाएगा ताकि इस मामले में आतंकी साजिश का पूरा खुलासा हो सके।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि इस मामले की शुरुआत इसी साल फरवरी में अमृतसर (पंजाब) में पुलिस स्टेशन की विशेष कार्रवाई प्रकोष्ठ द्वारा एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद हुई, जिसके पास से एक धातु के बक्से में बंद एक देसी बम (आईईडी), एक रिमोट कंट्रोल सेट, एक मोबाइल फोन, एक विदेशी निर्मित 30 बोर की पिस्तौल (मैगजीन सहित) और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर बीएनएस, यूएई (पी) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच का जिम्मा संभालने के बाद, एनआईए ने पाया कि सीमा पार तस्करी का उद्देश्य पंजाब, दिल्ली और भारत के अन्य हिस्सों में विभिन्न स्थानों पर आईईडी विस्फोट करना था, ताकि जान-माल को व्यापक नुकसान पहुंचाया जा सके और देश की शांति और स्थिरता को भंग किया जा सके।
मामले आरसी-08/2026/एनआईए/डीएलआई की जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों में कई व्यक्तियों के संपर्क में था और आतंक, आगजनी और अन्य हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा था।इस साजिश में शामिल अन्य भारतीय और अंतरराष्ट्रीय तत्वों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।मालूम हो कि टीम के द्वारा किशनगंज जिले के पोठिया के जनता हाट में भी शुक्रवार को छापेमारी की गई थी जहां से एक युवक को टीम ने हिरासत में लिया था।
नोट:खबर में प्रकाशित तस्वीर एक सांकेतिक तस्वीर है






















