बहादुरगंज (किशनगंज): नगर पंचायत बहादुरगंज के सभागार में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार झा की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर शिवशंकर पासवान, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ अरुण कुमार सरदार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीपीआरओ सुमन लता तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह एमओ रुपक कुमार उपस्थित रहे।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सशक्त स्थायी समिति सदस्य संख्या-01 के लिए वार्ड संख्या 07 के पार्षद बन्टी सिन्हा, सदस्य संख्या-02 के लिए वार्ड संख्या 11 के पार्षद संजय भारती तथा सदस्य संख्या-03 के लिए वार्ड संख्या 17 के पार्षद शहबाज अनवर उर्फ छोटे को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सदस्यों ने सभी पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगर पंचायत के विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
निर्विरोध निर्वाचन पर नगर पंचायत के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






















