ट्रक की चपेट में आया बाइक सवार युवक, गंभीर रूप से जख्मी

SHARE:

पहाड़कट्टा / किशनगंज/इरफान

पोठिया प्रखंड अंतर्गत ठाकुरगंज-किशनगंज मुख्य सड़क स्थित छत्तरगाछ बाजार में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका बांया हाथ कटकर सड़क पर गिर गया। घायल युवक की पहचान किशनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत टेउसा पंचायत निवासी अंसार आलम (25 वर्ष), पिता नूर इस्लाम के रूप में हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 09:30 बजे अंसार आलम अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (BR-37 AJ 5789) से ठाकुरगंज की ओर से अपने घर टेउसा लौट रहा था। जैसे ही वह छत्तरगाछ बाजार स्थित मन्नान डॉक्टर के दुकान के सामने पहुंचा, उसी दौरान तय्यबपुर चमानी घाट से बालू लादकर छत्तरगाछ के रास्ते बंगाल के दालकोला जा रहा टाटा ट्रक (WB 59 A-6925) वहां से गुजर रहा था।


स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक चालक ट्रक के साइड से निकलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे चली गई। हादसे में युवक का आधा बांया हाथ कटकर सड़क पर गिर गया तथा हाथ का अंगूठा भी अलग होकर सड़क पर जा गिरा।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को रोक लिया और घायल युवक को आनन-फानन में पास के डॉक्टर मन्नान के क्लिनिक में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया। हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए किशनगंज रेफर कर दिया गया।


सूचना मिलते ही छत्तरगाछ पुलिस कैंप के एसआई मनोज रविदास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक एवं बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि चमानी घाट से बालू लोड कर निकलने वाले ट्रकों से सड़क पर लगातार गीले बालू का पानी गिरता रहता है, जिससे सड़क फिसलन भरी हो जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई