सागर चंद्रा/किशनगंज
स्थानीय सदर अस्पताल की लुंज-पुंज सुरक्षा व्यवस्था शुक्रवार को फिर उजागर हो गई। सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को ठेंगा दिखाते हुए बदमाश ने एक बच्चे से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान में जुट गया।
जानकारी के अनुसार बहादुरगंज थाना क्षेत्र के दरनिया निवासी मईफुन निशा ने अपनी बेटी अंसरी बेगम को सुरक्षित प्रसव के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसने ऑपरेशन के द्वारा एक बेटे को जन्म दिया। अस्पताल के फीमेल वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। उसकी देखभाल के लिए परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। शुक्रवार को मईफुन निशा का चार वर्षीय नाती शाहिद रजा मोबाइल पर गेम खेल रहा था।
गेम खेलते खेलते वह वार्ड से बाहर निकल गया। जहां पूर्व से घात लगाए बैठे बदमाश ने बच्चे से मोबाइल छीन कर फरार हो गया। बच्चे के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के साथ ही परिजन बदमाश की तलाश में जुट गए। लेकिन तब तक वह भीड़ में ओझल हो गया था। जबकि परिजन अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को कोसते रह गए।
बताते चलें कि अस्पताल प्रबंधन की लुंज-पुंज व्यवस्था के कारण बदमाशों ने अस्पताल परिसर में ही डेरा जमा लिया है और आये दिन वारदातों को अंजाम देता रहता है। कभी अगर कोई बदमाश चोरी करते हुए पकड़ा भी जाता है तो उसे कानूनी पचड़े में पड़ने के भय से रिहा कर दिया जाता है। जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हो गया है।




















