किशनगंज शहर के नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित विवेकानंद कल्चरल क्लब (V.N.C Club) में गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार प्रभारी साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती दीदी एवं संभाग प्रभारी निशांत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती दीदी ने कहा कि “गौ रक्षा ही सबसे बड़ी सेवा है।” उन्होंने बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है तथा आगामी 27 जुलाई 2026 को 5 लाख हस्ताक्षर समर्पित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल तक अपनी मांगों को पहुंचाया जाएगा।
अभियान की प्रमुख मांगों में गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने एवं गौ माता के अधिकारों को सुनिश्चित करने की बात शामिल है। बैठक में गौ सम्मान एवं गौ संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर किशनगंज जिला का प्रभार V.N.C Club के संयुक्त सचिव विश्वजीत कर्मकार को सौंपा गया। अब वे जिले में हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने का कार्य करेंगे तथा 27 जुलाई को सभी हस्ताक्षर जिलाधिकारी (DM) को समर्पित करेंगे।
बैठक में क्लब के अध्यक्ष संतोष दास, उपाध्यक्ष तरुण घोष, सचिव माणिक पाल, संयुक्त सचिव विश्वजीत कर्मकार, कैशियर विनय सूत्रधार एवं पूर्व सेना अधिकारी चित्तरंजन शर्मा सहित कई सदस्य एवं नगरवासी उपस्थित रहे।






















