राजधानी पटना के बेऊर थाना क्षेत्र स्थित आनंद विहार कॉलोनी में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दो सगे अधिकारी भाइयों के सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपने परिवार के साथ मां के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार चोरों ने कटर मशीन की मदद से मुख्य दरवाजे का ताला और लोहे की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 2 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ितों में एक भाई प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) जबकि दूसरा मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग गांव से वापस पटना पहुंचे, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ।
सूचना मिलने पर बेऊर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।





















