एसएसबी ने स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बच्चों को आपदा प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) 12वीं बटालियन किशनगंज की सीमाचौकी पैकटोला के राहत एवं बचाव दल (RRT टीम) द्वारा बुधवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, झाला गांव में स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम के दौरान एसएसबी जवानों ने बच्चों को भूकंप आने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से विद्यालय भवन से बाहर निकलने एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने, फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग तथा अन्य पारंपरिक तरीकों से आग पर काबू पाने के उपाय बताए गए।

विद्यार्थियों ने स्वयं आग बुझाने का अभ्यास कर प्रशिक्षण का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया।
इसके अलावा बच्चों को प्राथमिक उपचार, दुर्घटना के समय तत्काल सहायता तथा सर्पदंश होने पर दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई।

एसएसबी के जवानों ने विद्यार्थियों को कंबल की सहायता से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने और घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास भी कराया।इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के 65 छात्र, 85 छात्राएं, 11 शिक्षक एवं 4 महिलाएं उपस्थित रहीं। वहीं एसएसबी की ओर से निरीक्षक/सहायक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी एवं चालक सहित कुल 15 जवानों ने भाग लिया।विद्यालय प्रबंधन एवं ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा आयोजित इस उपयोगी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई