पोठिया/किशनगंजराज कुमार
पोठिया थाना क्षेत्र के तारणी कब्रिस्तान के पास एक साथ 21 मवेशी संदिग्ध हालात में बंधे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने कांड संख्या 149/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पोठिया थाना में कार्यरत चौकीदार प्रदीप कुमार चंद्रा को मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सूचना दी कि कब्रिस्तान के पास बांस झाड़ में कई मवेशी बंधे हैं। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कुल 21 मवेशी रस्सी से बांधकर छिपाए गए हैं। हैरानी की बात यह रही कि दो दिनों से इन मवेशियों को न तो चारा दिया गया था और न ही पानी।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में भी मवेशियों के मालिक का पता नहीं चल सका। इससे आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोरों या तस्करो ने मवेशियों की चोरी अथवा तस्करी कर उन्हें छिपाने के उद्देश्य से वहां बांध कर रखा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी मवेशियों को कब्जे में लेकर थाना लाया गया।
इस संबंध मे एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मवेशी चोरी से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में दर्ज मवेशी चोरी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। जल्द ही इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इधर, एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मवेशी मिलने से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे पशुपालक परेशान हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।





























