सागर चंद्रा/किशनगंज
नमाज पढ़ने जा रहे व्यक्ति को बीच रास्ते में रोककर हथियार के बल पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित के द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की। बदमाशों ने उन्हें हत्या करने की धमकी भी दी। जिससे पीड़ित घबरा गया और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
पुलिस को मौके पर पहुंचता देख कर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले आई। जहां सिटी तेघरिया निवासी सनौवर हुसेन की लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
पीड़ित सनौवर ने पुलिस को बताया कि वे अपने घर से मोटरसाईकिल पर इमामबाड़ा सिटी तेघरिया नमाज पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में घात लगाकर बैठे सिटी तेघरिया निवासी शमीर पिता इसाक मिस्त्री और सादिक पिता जफीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया।
शमीर ने देशी कट्टा निकाल कर सटा दिया और मेरे पॉकेट से 10 हजार रूपये छीन लिया। आरोपियों ने उनसे 10 लाख रुपये रंगदारी की मांग की। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी और हत्या करने की धमकी दी। घटना से भयभीत पीड़ित ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस फिलहाल मामला दर्ज कर अग्रतर कारवाई में जुट गई गई है।






















