सुखानी पुलिस ने लूटकांड के फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया
पौआखाली/रणविजय
सुखानी पुलिस ने थाना कांड संख्या 08/26 के एक फरार और टॉप 10 में शामिल बदमाश को गिरफ्तार कर किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मसिरुद्दीन उर्फ मसीर उम्र 28, पिता पजीरुद्दीन उर्फ पजीर, निवासी अमलझाड़ी, थाना पाठामारी जिला किशनगंज के रूप में हुई है. पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय से प्राप्त गैर-जमानती वारंट के आधार पर की है. मामले की जानकारी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने दी है.
गौरतलब है कि 05 फरवरी 2026 को सुखानी थाना क्षेत्र में झांटीबाड़ी गांव के समीप लूटकांड की एक घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के बेतौना निवासी रविंद्र कुमार ठाकुर के साथ घटित हुई थी. घटना के बाद रविंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि जब वह क्षेत्र से कार्य समाप्त कर मीराभिट्ठा स्थित अपने कार्यालय की तरफ लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन अनजान युवकों ने सड़क पर रस्सी लगाकर उनका बाइक रोक दिया.
रास्ता रोकने के बाद तीनों ने उनसे उनका बैग छीन लिया और मौके से हाइवे रोड की दिशा में फरार हो गए. छीने गए बैग में लैपटॉप, मोर्फो और मोबाइल फोन रखा था. इस घटना के बाद पीड़ित ने सुखानी थाना में तीन अज्ञात युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया था.
पुलिस मामले की जांच कर रही थी और तकनीकी अनुसंधान व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तीन में से दो को गिरफ्तार कर लूटे गए सामानों की भी बरामदगी कर ली थी. किंतु, तीसरा आरोपी मसिरुद्दीन उर्फ मसीर फरार चल रहा था जिनको दबोच लिया गया है. थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी के अनुसार न्यायालय द्वारा जारी वारंट का तामिला करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है.





























