छत्तरगाछ धाम में आस्था का सैलाब, 42वें हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़।

SHARE:

पोठिया/किशनगंज/राज कुमार

गुरुवार को पोठिया प्रखंड के तैयबपुर, पोठिया बाजार सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिरों में पूजा अर्चना, हवन और भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। कई स्थानों पर शोभायात्रा, भंडारा का भी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वही पोठिया प्रखंड के छत्तरगाछ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। 42वें श्री हनुमान जन्मोत्सव पर पूरा धाम भक्ति, अनुशासन और भव्य व्यवस्था का उदाहरण बन गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखीं। जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

धाम की सजावट देखते ही बन रही थी। रंगीन रोशनी, फूलों की झालर और धार्मिक ध्वजों से सजा परिसर श्रद्धालुओं को आकर्षित करता रहा। यहां की व्यवस्था और अनुशासन ने दूर से आए लोगों को भी प्रभावित किया।

सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना प्रारम्भ हों चूका करीब 9:15 बजे हवन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद पूर्णाहुति, आरती और स्वामिनी भोग का आयोजन किया गया। दिनभर भंडारा चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संध्या होते ही भजन संध्या का आयोजन शुरू हुआ। समिति के लोगों नें बताया कि आरती के बाद देर रात तक भक्ति गीतों भजन का आयोजन होंगी।

आसाम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कई श्रद्धालु एक दिन पहले ही धाम पहुंच गए थे। दूरदराज से आने वाले लोगों के लिए ठहरने और भोजन की बेहतर व्यवस्था की गई थी। साफ-सफाई, पानी और विश्राम की सुविधा ने लोगों का मन जीत लिया।

आयोजन समिति के सुभाष प्रसाद साह दीनानाथ, राम जीवन अग्रवाल, देवा अग्रवाल, वृजमोहन अग्रवाल, सुरेश प्रसाद गुप्ता मुन्ना, गोवर्धन अग्रवाल, नोगेन लाल राय और अकालू राय ने बताया कि इस वर्ष 42वां हनुमान जन्मोत्सव और भी भव्य रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तरगाछ धाम वर्षों से क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना करते हैं। समिति का लक्ष्य है कि धाम को और विकसित किया जाए, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधा मिल सके। स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोग, जनप्रतिनिधि भी धाम पहुंचे। जो गंगा जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया गया।

वही विधि व्यवस्था भी पूरी तरह चुस्त रही। छत्तरगाछ कैंप प्रभारी रामबहादुर शर्मा के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सशस्त्र बल, होमगार्ड, महिला पुलिसकर्मी और स्थानीय चौकीदार हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। प्रशासनिक सतर्कता के कारण पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।

धाम की भव्यता, समिति की मेहनत और प्रशासन की सतर्कता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। श्रद्धालु संतुष्ट दिखे और जाते समय फिर आने का संकल्प लेते नजर आए।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई