रणविजय /पौआखाली:
मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पौआखाली पुलिस को बुधवार अहले सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक डीसीएम वाहन डब्ल्यू बी 73-एम 4477 में क्रूरतापूर्वक लादे गए 28 मवेशियों को बरामद कर जब्त किया है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई:
थानाध्यक्ष अंकित सिंह के मुताबिक पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि एक वाहन के जरिए मवेशियों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और संदिग्ध वाहन को रोका, तलाशी के दौरान वाहन के भीतर मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से बांधकर रखा गया था जो पशुक्रूरता अधिनियम का साफ उल्लंघन है. पुलिस ने तुरंत सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया.
सिलीगुड़ी के दो आरोपी हिरासत में:
इस मामले में पुलिस ने मौके से वाहन के चालक और उपचालक को हिरासत में लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरेश महतो और मो. सोहेल के रूप में हुई है. ये दोनों पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के निवासी बताए जा रहे हैं.
पुलिस का बयान:
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके. आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन पर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


























