कटिहार में ऑन ड्यूटी नशे में धुत चिकित्सा पदाधिकारी,अस्पताल परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा,पुलिस ने किया गिरफ्तार

SHARE:

समेली अस्पताल में नशे में चिकित्सा पदाधिकारी।

कटिहार /प्रतिनिधि

बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कटिहार जिले के समेली प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह की एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर अस्पताल परिसर के बाहर अर्धनग्न अवस्था में जमीन पर बेसुध पड़े दिखाई दे रहे हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. सिंह इस कदर नशे में थे कि उन्हें होश तक नहीं था। आसपास मौजूद लोग उन्हें उठाने और होश में लाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वे खुद को संभाल पाने में पूरी तरह असमर्थ दिखे। इस दौरान एक कुत्ता भी उनके आसपास घूमता नजर आया, जिसने पूरे घटनाक्रम को और भी विचलित करने वाला बना दिया।


स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। अस्पताल में पहुंचे ललित कुमार ने बताया कि वे जन्म प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर कराने आए थे, लेकिन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नशे की हालत में मिले और उनसे हस्ताक्षर के बदले पैसे की मांग कर रहे थे।


वहीं एक अन्य स्थानीय युवक पुलकित यादव ने कहा कि “एक जिम्मेदार पद पर बैठे डॉक्टर का इस तरह शराब के नशे में धुत होकर सार्वजनिक स्थान पर पड़े रहना बेहद शर्मनाक है। ऐसे नशेड़ी अधिकारी पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।”


घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत कटिहार के जिला पदाधिकारी से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और मध निषेध विभाग को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


इधर, इस हाई वोल्टेज ड्रामे की सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नशे की हालत में पड़े चिकित्सा पदाधिकारी को अपने साथ थाने ले गई।


अब सवाल यह उठता है कि जब राज्य में शराबबंदी कानून सख्ती से लागू है, तब एक सरकारी अस्पताल का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ही खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाता नजर आ रहा है। इस घटना ने न केवल स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है।


फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और लोगों को उम्मीद है कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई