हसनगंज /कटिहार -हसनगंज प्रखंड क्षेत्र के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर रटनी में बुधवार को स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आयोजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखा गया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए लंबी कतारें भी नजर आईं।
इस अवसर पर मरीजों के लिए ब्लड प्रेशर और शुगर जांच की व्यवस्था की गई, वहीं टीबी की पहचान के लिए स्क्रीनिंग भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों को बीमारियों के शुरुआती लक्षणों के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई, ताकि समय रहते उपचार संभव हो सके।मेले में हेल्थ काउंसलिंग के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, साफ-सफाई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों और उनके महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे लोग जागरूक होकर सही निर्णय ले सकें।
स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि जिन लोगों में किसी प्रकार की बीमारी के लक्षण पाए गए, उनका फॉलो-अप सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों के बीच आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया गया।कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आयुष भारद्वाज, स्वास्थ्य प्रबंधक धनंजय कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सम्पत राज, एएनएम और क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।


























