पुल निर्माण नहीं होने से ग्रामीण परेशान,पुल निर्माण की माँग

SHARE:

बरसात में जान जोखिम में डालकर स्कूल, पंचायत भवन और हाट पहुंचने को मजबूर ग्रामीण, आरसीसी पुल की मांग तेज।

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत हवाकोल पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगुलाहागी, पंचायत सरकार भवन एवं गुड़िया हाट तक पहुंचना बरसात के दिनों में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। लगातार बारिश के कारण रास्ते में जलभराव होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर पानी पार कर आवागमन करना पड़ता है।

सबसे अधिक परेशानी विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, महिलाओं तथा आवश्यक कार्य से पंचायत सरकार भवन जाने वाले लोगों को होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति इतनी भयावह हो जाती है कि कई बार बच्चों को कपड़े और किताबें सिर पर रखकर पानी पार करना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।

इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों में वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मनसब आलम, भोला ऋषिदेव, श्याम देव ऋषिदेव, अरुण कुमार ऋषिदेव, बहादुर ऋषिदेव, अकला ऋषिदेव, अख्तर हुसैन, मोहम्मद हुसैन तथा जन वितरण प्रणाली विक्रेता जितेंद्र विश्वास ने बताया कि वे वर्षों से सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन देकर आरसीसी पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं। कई बार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन आज तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे शिक्षा, प्रशासनिक कार्य और स्थानीय बाजार तक पहुंचना प्रभावित होता है। लोगों ने शासन-प्रशासन से अविलंब स्थल का निरीक्षण कर आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!