कटिहार में बड़ा खुलासा: पाकिस्तानी गैंगस्टर से कथित संपर्क के आरोप में युवक गिरफ्तार, मोबाइल जांच के दायरे में

SHARE:

किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में था आरोपी



कोढा/कटिहार-कोढ़ा पुलिस ने खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर पाकिस्तान आधारित गैंगस्टर के नेटवर्क से कथित रूप से जुड़े होने और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में कोढ़ा थाना कांड संख्या 229/26 दिनांक 13 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 152, 113(3), 353, 353(1)(बी) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(एफ) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर पता चला कि मूसापुर निवासी मोहम्मद अहद पिता मोहम्मद आलम विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान आधारित गैंगस्टर राना हुनैन उर्फ राना हुसैन के नेटवर्क से कथित रूप से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि वह गैंगस्टर के विभिन्न सोशल मीडिया आईडी के संपर्क में रहकर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त था तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोढ़ा थाना पुलिस ने त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल को विधिवत जब्त कर लिया है और उसे तकनीकी जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले की विस्तृत पड़ताल की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अभियुक्त किन-किन लोगों के संपर्क में था और उसकी गतिविधियों का दायरा क्या था। फिलहाल अभियुक्त से पूछताछ जारी है तथा उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!