विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक प्रस्तावों पर हुई चर्चा – नगर आयुक्त
कटिहार – नगर निगम कटिहार के सभा प्रशाल भवन में महापौर की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान नगर निगम के विकास एवं प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वप्रथम पिछली सामान्य बोर्ड बैठक की संपुष्टि की गई।
इसके पश्चात 12 मई 2026 को आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में लिए गए प्रस्तावों एवं निर्णयों के अनुमोदन पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में एबीसी एबीसी शेल्टर हेतु तैयार प्राक्कलन को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने, स्ट्रीट लाइट से संबंधित विद्युत विपत्रों के भुगतान की स्वीकृति सहित नगर निगम के अन्य आवश्यक प्रशासनिक एवं विकासात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई।
अंत में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार कर आवश्यक निर्णय लिए गए।बैठक में नगर निगम क्षेत्र में जनहित एवं नागरिक सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मौके पर सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सशक्त स्थाई समिति सदस्य नितेश कुमार सिंह, प्रमोद महतो, विपिन बिहारी चौबे, सलीम अंसारी, मंजू देवी, आलोक कुमार वर्मा, जिम्मी प्रकाश आदि मौजूद रहे।





















