बोले बाढ़ का स्थायी समाधान करने में सरकार अब तक नाकाम
कटाव निरोधी कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
अधिकारियों को तेज गति और गुणवत्तापूर्ण निर्माण का दिया निर्देश
कटिहार – जिले के मनिहारी प्रखंड के धुरियाही पंचायत के धुरियाही गांव में गंगा नदी से हो रहे भीषण कटाव का जायजा लेने सांसद तारिक अनवर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ-साथ चल रहे कटाव निरोधी कार्यों की भी समीक्षा की।
सांसद ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर तेज गति एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सांसद तारिक अनवर ने कहा कि कटिहार जिला बाढ़ की दृष्टि से पूरे बिहार के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है।
हर वर्ष जिले के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और गंगा कटाव से लोगों को भारी जान-माल का नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार केंद्र एवं राज्य सरकार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्थायी समाधान की मांग की गई, लेकिन आज तक इसका ठोस और दीर्घकालिक समाधान नहीं हो सका है।
सांसद ने कहा कि हर वर्ष बाढ़ से पहले सरकार व्यापक तैयारियों का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति दावों से अलग नजर आती है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि धुरियाही में चल रहे कटाव निरोधी कार्यों की गुणवत्ता भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं दिख रही है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं
ताकि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटाव जैसी गंभीर समस्या का समाधान केवल अस्थायी उपायों से संभव नहीं है।
इसके लिए वैज्ञानिक एवं स्थायी योजना बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य करने की आवश्यकता है। ताकि हर वर्ष लोगों को होने वाली तबाही से बचाया जा सके। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव,दिलीप विश्वास, अवधेश मंडल,भोला प्रसाद यादव, संजय पांडेय,बलराम यादव, सुबोध यादव सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।





















