ज्ञान केन्द्र सह पुस्तकालय का उद्घाटन,ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर

SHARE:

मनिहारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के केवाला पंचायत में बुधवार को ज्ञान केन्द्र सह पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन पंचायत की मुखिया गीता देवी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालय की स्थापना एक सराहनीय पहल है। इससे सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वाले विद्यार्थियों को अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र शिक्षा के स्तर को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सोनू गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की यह महत्त्वाकांक्षी योजना ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने आमजन एवं विद्यार्थियों से पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने और इसे सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। इस दौरान राजस्व पदाधिकारी राम सागर पासवान, पंचायत सचिव, मुन्ना रजक सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद लोगों ने पुस्तकालय का अवलोकन किया और इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि यह ज्ञान केन्द्र आने वाले समय में शिक्षा का एक मजबूत केंद्र बनेगा और क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा प्रदान करेगा।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!