किशनगंज /विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व चैती छठ बुधवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत संपन्न हो गया। प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष रूप से फुलबड़िया दुर्गा मंदिर कैंपस स्थित छठ घाट पर भक्तों ने पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
व्रतियों ने निर्जला उपवास रखते हुए संध्या अर्घ्य के बाद प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। घाटों पर साफ-सफाई और सजावट की विशेष व्यवस्था देखने को मिली, जिससे वातावरण भक्तिमय और आकर्षक बन गया।
महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में छठ गीत गाते हुए पूजा-अर्चना करती नजर आईं। स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। इस अवसर पर सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल भी देखने को मिली, जहां सभी समुदाय के लोगों ने मिलकर इस पर्व को सफल बनाया।


























