अलविदा जुम्मा बना भाईचारे का प्रतीक, हिंदू भाइयों ने की नमाजियों के लिए पानी की व्यवस्था

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत स्थित जामा मस्जिद फुलबड़िया में माहे रमजान के पवित्र अवसर पर शुक्रवार को नमाजियों की सुविधा के लिए ठंडे पानी की विशेष व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था फुलबड़िया निवासी एवं पूर्व उप प्रमुख बिंदेश्वर प्रसाद शाह तथा विजय कुमार शाह के सहयोग से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी की गई है।मालूम हो कि प्रखंड के अलग अलग मस्जिदों में आज अकीदत के साथ अलविदा जुम्मे की नमाज अदा की गई साथ ही देश में अमन चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई।इस दौरान रोजेदारों के चेहरे पर मुस्कान देखी गई और सभी ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी

बताया जाता है कि रमजान के महीने में जामा मस्जिद फुलबड़िया में नमाज अदा करने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। रोजेदारों को गर्मी और प्यास से राहत देने के उद्देश्य से मस्जिद परिसर में ठंडे पानी की व्यवस्था कराई गई है, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व उप प्रमुख बिंदेश्वर प्रसाद शाह एवं विजय कुमार शाह द्वारा हर वर्ष रमजान के दौरान यह सराहनीय पहल की जाती है।

उनके इस सहयोग से नमाज अदा करने आने वाले रोजेदारों को काफी सहूलियत मिलती है। मस्जिद परिसर में पानी की व्यवस्था रहने से लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता।


रमजान के पवित्र महीने में इस तरह की सेवा भावना को लेकर स्थानीय लोगों ने दोनों समाजसेवियों की प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि ऐसे कार्य समाज में भाईचारा और सद्भाव का संदेश देते हैं।मस्जिद के नमाजियों एवं ग्रामीणों ने बिंदेश्वर प्रसाद शाह और विजय कुमार शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से हर वर्ष रमजान के महीने में रोजेदारों को राहत मिलती है और यह परंपरा समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई