दिए आवश्यक दिशा निर्देश
सीमावर्ती क्षेत्र में चुनावी सतर्कता,नशामुक्ति और सांप्रदायिक सौहार्द पर दिया विशेष जोर
बारसोई /कटिहार – पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने शनिवार को आबादपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना पहुंचने पर एसपी को पुलिस बल द्वारा भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली,रिकॉर्ड-रजिस्टर और लंबित मामलों की गहनता से समीक्षा की।पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर सतर्कता के निर्देश।
आबादपुर थाना क्षेत्र पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा होने के कारण एसपी ने इस पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने थाना प्रभारी एवं पुलिस बल को निर्देश दिया कि पड़ोसी राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाए। सीमा पर अवैध गतिविधियों, आवाजाही और किसी भी प्रकार की उत्तेजना पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।
युवाओं में बढ़ते ‘सूखे नशे’ पर गहरी चिंता
एसपी ने थाना क्षेत्र में युवाओं के बीच तेजी से पैर पसार रहे सूखे नशे पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए और सघन छापेमारी अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे नशे के विरुद्ध एकजुट होकर पुलिस का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के आदेश।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाने में लंबित आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने और अनसुलझे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा पीड़ित पक्षों को समय पर न्याय सुनिश्चित किया जाए।
ईद और रामनवमी: सांप्रदायिक सौहार्द की अपील।
एसपी शिखर चौधरी ने आगामी ईद-उल-फित्र एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे पर ध्यान न दें और प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें। पुलिस बल को भी त्योहारी मौसम में विशेष गश्त और सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर बारसोई के डीएसपी अजय कुमार, आबादपुर थानाध्यक्ष शादाब आलम सहित थाने के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे ।



























