किशनगंज /राजेश दुबे
गृह मंत्री अमित शाह ने आज अपने तीन दिवसीय बिहार दौरे के पहले दिन किशनगंज जिला परिषद सभागार में लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एलपीएआई) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय,उप मुख्यमंत्री सह बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह सचिव तथा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
श्री शाह के दौरे को लेकर जिले में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था।एयरपोर्ट से सीधा उनका काफिला जिला परिषद परिसर स्थित मैची सभागार पहुंचा जहां उनका स्वागत वरीय अधिकारियों के द्वारा किया गया।
जहा करीब दो घंटे तक उनके द्वारा सीमा क्षेत्र में चल रही योजनाओं की समीक्षा की गई।गौरतलब हो कि जिले की 114 किलोमीटर सीमा नेपाल से लगती है जबकि महज 30 किलोमीटर की दूरी पर भारत बांग्लादेश सीमा अवस्थित है ।राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करना होगा।बैठक के उपरांत श्री शाह बिहार सरकार में उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल के आवास पर रात्रि विश्राम हेतु रवाना हुए। जहा बिहार और बंगाल भाजपा के वरीय नेताओं के साथ मुलाकात की बात कही जा रही है।


























