किशनगंज/राजेश दुबे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का किशनगंज स्थित माता गुजरी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में जोरदार स्वागत किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर श्री शाह का अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर बिहार सरकार के उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, कॉलेज के सचिव युगल किशोर तोषनीवाल, यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत सहित कॉलेज के अन्य ट्रस्टियों ने केंद्रीय गृह मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।श्री शाह के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र छात्राओं द्वारा एक से बढ़ कर एक प्रस्तुति दी गई। जिसने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

देशभक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों से पूरा कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।इस मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।


























