बलरामपुर /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह ने आम आदमियों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। अब लोगों को किसी आवश्यक कार्य के लिए दूसरे गांव जाने में डर लगने लगा है। आलम यह है कि भीड़ द्वारा बच्चा चोरी के आरोप में शक के बिना पर किसी न किसी बेकसूर व्यक्ति को अपना शिकार बनाया जा रहा है।
अबतक के ज्यादातर मामले में गांव में बाहर से आने वाले भीख मांगने वाले से लेकर अन्य कार्य के लिए आने वाले लोगों को बच्चा चोर समझकर उनके साथ मारपीट एवं बंधक बनाया जा रहा है।किसी भी गांव में बच्चा चोर की अफवाह पर भीड़ हिंसक होकर कानून अपने हाथ में ले लेता है। और बाद में जांच पड़ताल में वह व्यक्ति या तो पागल निकलता है या फिर भीख मांगने वाला निकलता है।
जानकारी के अनुसार अबतक क्षेत्र में कहीं से भी किसी बच्चे के गायब होने की शिकायत थाना में दर्ज नहीं हुई है। बावजूद इसके लोग पैनिक हो रहे हैं।क्षेत्र के दो तीन स्थानों में बच्चा चोरी के आरोप में निर्दोष के साथ हुए अमानवीय व्यवहार ने मानवता को शर्मसार कर दिया है।वहीं क्षेत्र के पलसा गांव में हिंसक भीड़ ने एक व्यक्ति को बच्चा चोर कहकर उसकी जमकर पिटाई कर दिया।
भला हो उस गांव के चाय दुकानदार बटेशर मंडल का जिन्होंने भीड़ से किसी तरह उसे बचाने में कामयाब रहा। पूछताछ में पता चला कि आरोपी मो. शाहिद (55) बेनी रसलपुर थाना बलिया बेलोन जिला कटिहार का रहने वाला निकला। जो सिहागांव से भीख मांगते हुए वहां पहुंचा था।विगत दिनों ऐसा ही एक मामला माधेपुर गांव में घटित हुआ था।
जिसमें उत्तर प्रदेश के दो व्यक्ति को बच्चा चोर के आरोप में भीड़ ने मारपीट कर तेलता पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस के जांच में आरोपी गांव घरों में घूम घूमकर गोधना बनाने का काम करता था। बाद में पुलिस उन्हें छोड़ दिया। लगातार हो रहे ऐसे घटना पर अंकुश लगाने हेतु पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि जफर एकबाल, मुखिया सुकुमार राय, नासिर रेजा, सफदर आलम आदि ने कानून हाथ में लेने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


























