दिघलबैंक/मुरली धर झा
27 फरवरी तक चलने वाले बिहार पुलिस सप्ताह के तहत सोमवार को गंधर्वडांगा थाने से एक जागरूकता रैली निकाली गई।
यह रैली गंधर्वडांगा थाना परिसर से शुरू होकर बाजार क्षेत्र में घूमी। इसमें विद्यालय के बच्चों और आमजनों ने भाग लिया।
रैली के दौरान बच्चों ने ‘नशा छोड़ो, समाज बचाओ’ जैसे नारे लगाए, जिससे जागरूकता का संदेश फैला। इस आयोजन में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए।
थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही, एंटी-ड्रग्स अभियान को भी मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस सप्ताह के दौरान समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में, जहां ड्रग्स के कारोबार की आशंका है, वहां एंटी-ड्रग्स जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस जागरूकता रैली में प्रधानाध्यापक अभिराम कुमार, सभी पुलिसकर्मी और स्थानीय सदस्य उपस्थित थे।






























