पोठिया/इरफान
पोठिया थाना अन्तर्गत में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पोठिया थाना की पुलिस और चिचुआबाड़ी कैंप की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
पहली कार्रवाई पोठिया थाना पुलिस द्वारा सुबह की गश्ती के दौरान की गई। गश्ती दल ने थाना क्षेत्र के कुसियारी गांव के समीप से अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ा। वहीं दूसरी ओर चिचुआबाड़ी कैंप की पुलिस टीम ने तैयबपुर क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध बालू ले जा रहे एक अन्य ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लिया। दोनों ही मामलों में ट्रैक्टर चालक बालू से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे।
पोठिया थाना की पुलिस ने इस जब्ती की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी किशनगंज को दे दी है ताकि संबंधित मालिकों और चालकों पर नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। पोठिया थानाध्यक्ष अंजय अमन नें कहा है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



























