संवाददाता:राहुल कुमार
70% मुस्लिम आबादी वाले सीमावर्ती किशनगंज जिले में रमजान का पवित्र महीना शुरू होते ही बाजारों की रौनक बढ़ गई है। रोज़ा और इबादत के इस पाक महीने के आगाज़ के साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी का सिलसिला तेज हो गया है। शहर के फल चौक, डे मार्केट,पश्चिम पल्ली,खगड़ा, चूड़ी पट्टी,लहरा चौक में सुबह से ही भीड़ देखी जा रही है।
खजूर, सेब, केला, अंगूर और तरबूज की बिक्री बढ़ गई है। इफ्तार के लिए सेवई, ड्राइफ्रूट्स, बेसन, चना और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों ने भी विशेष स्टॉक मंगाया है ताकि रमजान के दौरान किसी प्रकार की कमी न हो।वही शाम होते ही बाजारों की रौनक और बढ़ जाती है।
इफ्तार से पहले लोग आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में बाजार पहुंच रहे हैं।
रमजान के इस पवित्र अवसर पर पूरे जिले में आध्यात्मिक माहौल के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी देखी जा रही है। व्यापारी वर्ग इस महीने को लेकर उत्साहित है और बेहतर कारोबार की उम्मीद जता रहा है।





























