किशनगंज:मध्य विद्यालय कुवाड़ी में तिथि भोजन का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने स्वादिष्ट भोजन का उठाया लुत्फ

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित मध्य विद्यालय कुवाड़ी में शनिवार को तिथि भोजन का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। तिथि भोजन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ाना, शिक्षा के प्रति उनकी रुचि विकसित करना तथा पोषण युक्त भोजन उपलब्ध कराना है।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक राघवेंद्र तिवारी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मध्य विद्यालय कुवाड़ी में कुल 401 छात्र एवं छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से 221 छात्र- छात्राओं ने तिथि भोजन में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि तिथि भोजन जैसी योजनाएं बच्चों को विद्यालय से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं। इससे न केवल बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि होती है, बल्कि वे विद्यालयी गतिविधियों में भी अधिक रुचि लेने लगते हैं।


प्रधानाध्यापक ने आगे बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित तिथि भोजन कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर अध्ययन कर सकें। उन्होंने कहा कि जब बच्चों को विद्यालय में अच्छा वातावरण और भोजन मिलता है, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और सीखने की प्रक्रिया प्रभावी होती है।


तिथि भोजन के दौरान बच्चों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए पौष्टिक भोजन परोसा गया। भोजन पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाओं एवं विद्यालय प्रबंधन समिति का सराहनीय योगदान रहा।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उमेश कुमार मंडल, सचिव गायत्री देवी सहित शिक्षकगण भूपेंद्र कुमार पंकज, राजकुमार मंडल, परमानंद सिंह, जकी अनवर, अफरोज आलम एवं शाइस्ता बेगम उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनका उत्साह बढ़ाया।


विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से विद्यालय का शैक्षणिक एवं सामाजिक माहौल सकारात्मक बनता है। साथ ही बच्चों में आपसी भाईचारा, अनुशासन और सहयोग की भावना विकसित होती है। अंत में उपस्थित अतिथियों ने तिथि भोजन कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसे नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई