अररिया/बिपुल विश्वास
जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा जिला अंतर्गत फारबिसगंज एवं अररिया प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में सर्वप्रथम फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत पोठिया पंचायत में जिला पदाधिकारी द्वारा निजी भूमि पर पोखर निर्माण, प्लांटेशन, मत्स्य पालन, मखाना उत्पादन, पोली हाउस, प्राथमिक विद्यालय संथाली टोला तथा आंगनबाड़ी केंद्र बड़ी मुसहरी टोला का निरीक्षण किया गया।
मखाना उत्पादन को लेकर जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित किसानों को समय समय पर तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पोठिया पंचायत में आवास योजना, नल-जल, प्लांटेशन एवं कृषि से संबंधित योजनाओं की स्थिति की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की तथा सभी लाभार्थियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा औराही पश्चिम पंचायत स्थित रानी पोखर का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने पोखर की स्थिति, जल संरक्षण की व्यवस्था एवं इसके रख-रखाव से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की तथा इसे जनोपयोगी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अररिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत जिला पदाधिकारी द्वारा हड़िया पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का भी निरीक्षण किया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, कृषि विकास एवं आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी, समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिये।



























