टेढ़ागाछ पीएचसी में NCD कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक, लक्ष्य प्राप्ति पर दिया गया विशेष जोर

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, टेढ़ागाछ में मंगलवार को गैर-संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने की। बैठक में बीएचएम अजय कुमार साह, बीईई अभिषेक कुमार, बीएमएनई चंचल कुमार सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी सीएचओ, एएनएम एवं एएफ की सक्रिय उपस्थिति रही।


बैठक का मुख्य उद्देश्य NCD कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की गहन समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। इस दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर स्क्रीनिंग एवं अन्य गैर-संचारी रोगों से संबंधित सेवाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति, डाटा रिपोर्टिंग की गुणवत्ता, स्क्रीनिंग कार्य की निरंतरता एवं फॉलो-अप की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि NCD कार्यक्रम आज की बदलती जीवनशैली के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। समय पर स्क्रीनिंग, सही रिपोर्टिंग और नियमित फॉलो-अप के माध्यम से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कार्यों का निष्पादन करें, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका कार्यक्रम की सफलता में सबसे अहम है।

घर-घर जाकर लोगों को जांच के लिए प्रेरित करना, चिन्हित मरीजों का नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करना तथा सही समय पर डाटा अपलोड करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही कार्यक्रम की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकती है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में बीएचएम अजय कुमार साह ने रिपोर्टिंग व्यवस्था को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया, जबकि बीईई अभिषेक कुमार ने जन-जागरूकता गतिविधियों को तेज करने की आवश्यकता बताई।

बीएमएनई चंचल कुमार ने फील्ड स्तर पर आ रही व्यावहारिक समस्याओं को साझा करते हुए उनके समाधान के सुझाव भी रखे।सभी सीएचओ, एएनएम एवं एएफ को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूर्ण करें। बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि NCD कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाकर प्रखंड क्षेत्र में गैर-संचारी रोगों की रोकथाम की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।यह बैठक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आम जनता को बेहतर एवं सुलभ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सबसे ज्यादा पड़ गई