किशनगंज/प्रतिनिधि
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के सफल आयोजन हेतु संक्षिप्त समीक्षात्मक बैठक कार्यालय में आयोजित किया गया।
बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के अवसर पर एजेंडा वार सभी बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में मुख्य समारोह स्थल, शहर की साफ-सफाई, मुख्य समारोह स्थल पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम, पायलेटिंग व्यवस्था, मुख्य झंडोत्तोलन की साज-सज्जा, राष्ट्रीय झण्डा बांधने की तैयारी, परेड, झाकियाँ, राष्ट्रगान, स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करना, मुख्य समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था, पुरस्कार व्यवस्था एवं उदघोषक, भाषण का प्रारूप, महादलित टोलों में झंडोत्तोलन एवं अन्य सभी बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहीद अशफाकउल्लाह खाँ (खगड़ा) स्टेडियम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य झंडोत्तोलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया साथ ही जिला नजारत उप समाहर्ता, किशनगंज को निदेश दिया गया कि शहीद अशफाकउल्ला खां स्टेडियम में स्टेज हेतु पंडाल आदि की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।
गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण कार्यक्रम की संपूर्ण जिम्मेदारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार को सौंपी गई। उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि पुरस्कार वितरण के समय सभी संबंधित विभागों के अनुसार नामवार एवं पुरस्कारवार सामग्री को सुव्यवस्थित ढंग से सजाकर रखा जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान सभी पात्र व्यक्तियों को सही, सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पुरस्कार प्रदान किया जा सके।जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को शहर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। वही महादलित टोलों में झंडोत्तोलन करने के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को ससमय सूची तैयार कर जिला सामान्य प्रशाखा के प्रभारी को उपलब्ध करने का निदेश दिया गया।बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, एडीएम विभागीय जांच, एडीएम आपदा प्रबंधन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




























