छातापुर।सुपौल।सोनू कुमार भगत
विनम्रता व्यक्ति को महान बनाती है। संस्कार एवं विनम्रता वाला व्यक्ति जीवन में कुछ अच्छा कर ही लेता है। ऐसे व्यक्ति समाज की अनमोल निधि होते हैं। यह विचार आदर्श प्राथमिक विद्यालय केवला में पांचवी कक्षा के बच्चों को विदाई समारोह में शिक्षक नरेश कुमार निराला ने व्यक्त किए।उन्होंनें कहा कि निरंतर चलने का नाम जीवन है।जीवन में सदैव सकारात्मक रहते हुए, देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा दी।
श्री निराला ने कहा देश है तो हम हैं। देश के पीछे सब कुछ अच्छा लगता है। देश को अच्छा करने के लिए हर नागरिक का योगदान होता है। जिस देश का हर नागरिक अच्छा है, तो देश अपने आप ही अच्छा हो जाता है।श्री निराला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सदैव संस्कार के साथ जीवन जीने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि हमने जो अनुशासन, ज्ञान और संस्कार देकर आपके आत्मविश्वास को मजबूत बना दिया है अब इसी आत्मविश्वास के सहारे आप अपने जीवन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे।
प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने कहा कि बच्चे का भविष्य उनके आज पर निर्भर करता है। उनकी वर्तमान आदतें, संस्कार, बौद्धिक क्षमता और तौर-तरीके ही उनके कल का निर्माण करते हैं।निरंजन कुमार ने कहा कि बच्चे में उसकी उम्र के हिसाब से अपने काम खुद करने की आदत डालनी चाहिए।जिससे कि उसमें खुद के प्रति जिम्मेदारी की भावना आएगी, क्योंकि आप जीवन में हमेशा उसके साथ नहीं होंगे उसके सभी काम व इच्छाएं पूरी करने के लिए।मौके पर अमित कुमार, फूल कुमारी, निरंजन कुमार, सनवीर कुमारी, ज्योति कुमारी, गौरी कुमारी,आशा कुमारी, अभिषेक कुमार, नीतीश कुमार, स्तुति कुमारी आदि मौजूद थे।





























