दर्दनाक सड़क हादसे में बीएसएफ जवान की मौत,अस्पताल पहुंचे बीएसएफ अधिकारी

SHARE:

पत्नी को स्टेशन लेने जा रहे थे मृतक जवान

किशनगंज /सागर चन्द्रा

एन एच 27 पर सड़क पार करने के दौरान तेजरफ्तार ट्रक की ठोकर से बीएसएफ जवान की मौत हो गई। हालांकि सोमवार दोपहर घटित घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी ने मानवता का परिचय देते हुए घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन डयूटी पर तैनात चिकित्सक ने जवान को मृत घोषित कर दिया।

इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल पहुंची टाउन थाना पुलिस ने मुरादाबाद यूपी निवासी चालक नदीम पिता जुम्मा और खलासी माजिद पिता इसराइल को गिरफ्तार कर लिया और बांस लदे यूपी21 सीटी 1127 की ट्रक को जब्त कर लिया। मृतक के पास से बरामद कागजातों के आधार पर उसकी पहचान बेलगाम कर्नाटक निवासी सूरज सुतार के रूप में की गई। बीएसएफ 152 वीं बटालियन का जवान सूरज फिलहाल पांजीपाड़ा में पदस्थापित था।

सोमवार को उसकी पत्नी किशनगंज आ रही थी। वह अपनी पत्नी को लेने के लिए किशनगंज रेलवे स्टेशन जा रहा था। लेकिन कोको पेट्रोल पंप के समीप एन एच पार करने के दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही बीएसएफ कमांडेंट संजीव खत्री सहित कई अन्य बीएसएफ अधिकारी और जवान सदर अस्पताल पहुंच गए। वहीं टाउन थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव बीएसएफ के हवाले कर दिया जाऐगा।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!