किशनगंज /सागर चन्द्रा
टाउन थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग लड़की ने एक युवक के विरुद्ध छेड़खानी और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की लिखित शिकायत के बाद महिला थाना में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय नाबालिग पीड़िता बकरी चरा कर घर वापस लौट रही थी।
बीच रास्ते में पूर्व से घात लगाए बैठे खिरदह वार्ड नंबर 20 निवासी इन्तेजार ने उसे दबोच लिया और अश्लील हरकत करने के साथ साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़िता के द्वारा शोर मचाने पर आसपड़ोस के लोगों को जुटता देख कर इन्तेजार मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने फौरण अपने परिजनों को इन्तेजार के कुकृत्य की जानकारी दी।
घटना से हैरान परिजन मामले की शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे। लेकिन आरोपी और उसके परिजनों ने उन्हें मारपीट कर भगा दिया। घटना के बाद मामले के निपटारे के लिए स्थानीय स्तर पर पंचायती की गई। जिसमें पंचों ने फैसला पीड़िता के पक्ष में सुनाया।
लेकिन इन्तेज़ार और उसके परिजनों ने पंचायत के फैसले को मानने से इंकार कर दिया। नतीजतन बुधवार को पीड़िता न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंच गई। वहीं महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।