श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा पर विशेष जोर
मनिहारी /कटिहार – आगामी श्रावणी मेला के सफल शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को मनिहारी प्रखंड सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकीनाथ सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेला की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा गत वर्ष की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर इस बार और बेहतर इंतजाम करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव, प्रखंड प्रमुख अनीता देवी, जिला परिषद सदस्य सुमति देवी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार, प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार, राजस्व पदाधिकार, बोल बम सेवा समिति, ट्रक एसोसिएशन के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, वस्त्र परिवर्तन गृह, स्वास्थ्य शिविर तथा पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही साथ नारायणपुर मार्ग की जर्जर सड़क को अविलंब दुरुस्त कराने का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया, ताकि कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसडीएम त्रिलोकीनाथ सिंह ने कहा, “हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रावणी मेला को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा बेहतर समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।एसडीपीओ विनोद कुमार ने कहा, “श्रावणी मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की जाएगी।
मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, हाईवे पर विशेष निगरानी तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव ने कहा, “नगर पंचायत की ओर से पूर्व की भांति इस बार भी घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, वस्त्र परिवर्तन गृह, अस्थायी शिविर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रमुख अनीता देवी, जिप सदस्य सुमति देवी ने कहा, श्रावणी मेला सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा। पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधि कांवरियों और श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय रहेंगे तथा हर संभव सहयोग करेंगे। बैठक में थाना अध्यक्ष संतोष कुमार झा, मनिहारी राजकीय रेल थाना प्रभारी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएचएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






















