पेपर लीक पर राहुल गांधी का रवैया चयनात्मक, छात्रों के मुद्दे का नहीं होना चाहिए राजनीतिकरण : जेपी नड्डा

SHARE:


नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन और राजनीतिक तनातनी के बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पेपर लीक के मुद्दे पर चयनात्मक राजनीति कर रहे हैं और विपक्ष छात्रों के हित से अधिक राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।


जेपी नड्डा ने कहा कि हाल के वर्षों में कई कांग्रेस शासित या विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों में भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पंजाब, केरल और कर्नाटक का उल्लेख करते हुए कहा कि इन राज्यों में विभिन्न भर्ती एवं बोर्ड परीक्षाओं में पेपर लीक या अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं।


उन्होंने कहा कि ये केवल कुछ उदाहरण हैं, जबकि ऐसी घटनाओं की सूची काफी लंबी है। नड्डा ने राहुल गांधी से सवाल किया कि उन्होंने अपनी प्रस्तुति में केवल कुछ राज्यों का ही जिक्र क्यों किया और कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन की सरकारों वाले राज्यों में हुई घटनाओं को क्यों नजरअंदाज किया।


भाजपा नेता ने कहा कि छात्रों की मांगों का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। यह एक गंभीर राष्ट्रीय विषय है, जिस पर आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर व्यापक चर्चा की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है और यदि कहीं भी गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी।


जेपी नड्डा ने कहा कि संसद इस तरह के गंभीर विषयों पर चर्चा का सबसे उपयुक्त मंच है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है, क्योंकि देश के छात्र ही भारत का भविष्य हैं। उन्होंने सभी दलों से छात्रों के हित में सदन के भीतर सार्थक और विस्तृत चर्चा करने की अपील की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!