भूमि विवाद के दौरान मारपीट की घटना में एक की मौत,पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

किशनगंज /सागर चन्द्रा

पोठिया थाना क्षेत्र के कुसियारी पंचायत स्थित खड़कमन गांव में भूमि विवाद के दौरान मारपीट की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना को लेकर दोनों पक्षों के द्वारा अलग अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पोठिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 131/22 के दो नामजद आरोपी सहित कांड संख्या 132/22 के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मारपीट की घटना में घायल गिरफ्तार 55 वर्षीय आरोपी फजले करीम का इलाज पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच विगत कई वर्षों से भूमि विवाद चल रहा था।






मामले के समाधान के लिए गत बुधवार को स्थानीय स्तर पर पंचायती की गई थी। पंचायत ने विवादित जमीन के ऐवज में कमरूल को 25 हजार रुपये फजले करीम को देने का निर्देश दिया था। लेकिन गुरुवार को फजले करीम पंचायत के फैसले का अवहेलना करते हुए अपने साथियों के साथ जमीन घेरने लगा। जिसका विरोध करने पर उन लोगों ने भोला मोहम्मद की पिटाई कर दी। अपने भाई को पिटता देख जब नुरुल इस्लाम उन्हें बचाने के लिए पहुंचा तो फजले करीम और उसके साथियों ने नुरूल इस्लाम की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे उनकी मौत मौके पर ही हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के बेटे कलाम की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी फजले करीम और उसके बेटे खतेबुल को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दूसरे पक्ष के खतेबुल की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने कलाम को भी गिरफ्तार कर लिया।









भूमि विवाद के दौरान मारपीट की घटना में एक की मौत,पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार