संवाददाता/किशनगंज
जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला के निर्देश पर 13 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक चलाए गए साप्ताहिक अभियान के दौरान पुलिस ने अपराधियों, शराब एवं मादक पदार्थ तस्करों, पशु तस्करों तथा वाहन चोरों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए 100 लोगों को गिरफ्तार किया।
वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए 5 लाख 47 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस अवधि में गृहभेदन के पांच मामलों तथा मंदिर चोरी के दो मामलों का सफल उद्भेदन किया गया।
अभियान के दौरान 501 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर/हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 300 नशीली गोलियां, 178.95 लीटर विदेशी शराब, 16 लीटर देसी शराब तथा 150 लीटर जावा भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 मवेशी, आठ वाहन (कार, पिकअप एवं मोटरसाइकिल), 20 मोबाइल व टैब, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, लोहे का रॉड, पेचकस, पिलास सहित चोरी में प्रयुक्त कई उपकरण भी बरामद किए। साथ ही 9,948 लॉटरी टिकट, नौ साड़ियां, सात कृषि उपकरण, तीन होम थिएटर व ब्लूटूथ बॉक्स, सात सोने के आभूषण, नौ चांदी के आभूषण तथा सात पीतल के बर्तन भी जब्त किए गए।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने 8 लाख 15 हजार 247 रुपये भारतीय मुद्रा, 2 लाख 12 हजार 230 रुपये नेपाली मुद्रा तथा 100 रुपये पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद की है।
























