संवाददाता /किशनगंज
किशनगंज जिले में अवैध रूप से संचालित जुगाड़ वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में रामपुर चेक पोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाकर आलू लदे पांच जुगाड़ वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय द्वारा जुगाड़ वाहनों के परिचालन पर रोक लगाए जाने के बावजूद जिले के विभिन्न मार्गों पर इन वाहनों का धड़ल्ले से संचालन किया जा रहा था। जुगाड़ वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा माने जाते हैं, बल्कि इनके पास वैध पंजीकरण, फिटनेस, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रायः नहीं होते।
ऐसे वाहनों के परिचालन से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
इसी को देखते हुए परिवहन विभाग ने रामपुर चेक पोस्ट पर विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान आलू लदे पांच जुगाड़ वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। सभी वाहनों को मौके पर ही जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि जुगाड़ वाहनों का संचालन पूरी तरह अवैध है। ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी तथा नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।























