कटिहार रेल मंडल के तीन प्रमुख स्टेशनों के कायाकल्प की तैयारी तेज

SHARE:

डीआरएम किरेंद्र नरह ने सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज व अलुआबारी रोड स्टेशन का किया निरीक्षण

विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

कटिहार – यात्रियों को विश्वस्तरीय एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कटिहार रेल मंडल लगातार तेजी से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज एवं अलुआबारी रोड रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय,स्वच्छता व्यवस्था,पेयजल,प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया,यात्री सूचना प्रणाली सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने संबंधित रेल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों को आधुनिक,स्वच्छ, दिव्यांगजन-अनुकूल एवं यात्री-केंद्रित बनाया जा रहा है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद यात्रियों को पहले से कहीं अधिक बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा तथा क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों की पहचान भी नए स्वरूप में स्थापित होगी।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक एनजेपी अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता प्रभात रंजन, एरिया मैनेजर सहित रेलवे के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!