KishanganjNews:झाला पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर आयोजित, 77 आवेदन प्राप्त, 43 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज)

टेढ़ागाछ प्रखंड की झाला पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को निर्धारित काउंटरों पर जमा किया।

संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों की सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।शिविर का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार तथा पंचायत के मुखिया अरुण कुमार यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 77 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 43 मामलों का तत्काल निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को प्रखंड कार्यालय का बार-बार चक्कर लगाए बिना एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि लंबित आवेदनों का भी समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।


अंचलाधिकारी शशि कुमार ने कहा कि ऐसे सहयोग शिविरों से ग्रामीणों की समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।


शिविर में बीपीआरओ विवेक भारती, कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार, कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर के सफल आयोजन से ग्रामीणों में संतोष देखा गया तथा लोगों ने इस पहल की सराहना की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!