कटिहार – जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किसानों के हित में रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग तथा धान फसल में कीट एवं रोगों के समेकित प्रबंधन आईपीएम को लेकर महत्वपूर्ण कृषक परामर्श जारी किया है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील किया है कि वे मृदा परीक्षण के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करें और आवश्यकता से अधिक यूरिया, डीएपी, एमओपी या अन्य रासायनिक उर्वरकों का उपयोग न करें।
जारी परामर्श में कहा गया है कि असंतुलित उर्वरक प्रयोग से मृदा की उर्वरता, जैविक कार्बन, सूक्ष्म पोषक तत्व एवं लाभकारी सूक्ष्मजीव प्रभावित होते हैं। साथ ही जल एवं वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ मानव और पशु स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। किसानों को नीम-लेपित यूरिया, जैविक खाद, हरी खाद एवं जैव उर्वरकों के अधिक उपयोग तथा ” न्यूट्रिएंट स्टूअर्डशिप” सही उर्वरक, सही मात्रा, सही समय और सही विधि के सिद्धांत अपनाने की सलाह दी गई है।
धान फसल की सुरक्षा के लिए किसानों को प्रति सप्ताह नियमित रूप से खेत का निरीक्षण करने, आर्थिक क्षति स्तर के आधार पर ही कीटनाशी का प्रयोग करने तथा तना छेदक, पत्ती मोड़क, भूरा फुदका, गंधी बग, ब्लास्ट, शीथ ब्लाइट एवं बैक्टीरियल लीफ ब्लाइट जैसे प्रमुख कीट एवं रोगों की समय पर पहचान कर कृषि विभाग की अनुशंसा के अनुसार नियंत्रण उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
साथ ही फेरोमोन ट्रैप, लाइट ट्रैप और जैविक नियंत्रण तकनीकों को बढ़ावा देने तथा रसायनों का अनावश्यक मिश्रण नहीं करने की भी अपील की गई है। जिला कृषि पदाधिकारी श्री कुमार ने जिले के सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों, प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों,किसान सलाहकारों,एटीएम, बीटीएम एवं अन्य क्षेत्रीय कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे किसान चौपाल, ग्राम भ्रमण, प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता अभियान के माध्यम से अधिकाधिक किसानों तक इन वैज्ञानिक कृषि उपायों की जानकारी पहुंचाएं।
साथ ही धान फसल में कीट एवं रोग की नियमित निगरानी कर संभावित प्रकोप वाले क्षेत्रों में समयबद्ध नियंत्रण उपाय सुनिश्चित करें, ताकि टिकाऊ, लाभकारी एवं पर्यावरण-अनुकूल कृषि को बढ़ावा मिल सके। आत्मा कटिहार के परियोजना उपनिदेशक शशिकांत झा ने कहा कि खरीफ मौसम मे धान की बेहतर पैदावार को ले आत्मा के द्वारा किसानों को तकनीकी जानकारी सहित अन्य उपयोगी जानकारी समय समय पर दी जाती है.। किसान बंधुओं से उरोक्त सलाह के अनुशरण की अपील की है।


























