महिला के साथ यौन शोषण तथा फ्रॉड के मामले में नूर सलाम गिरफ्तार,भेजा गया जेल

SHARE:

आजमनगर और कटिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सैकड़ों लोगों से ठगी के आरोपों में लंबे समय से फरार था आरोपी


कटिहार/आजमनगर:


कटिहार पुलिस ने आजमनगर पुलिस के सहयोग से सैकड़ों लोगों से ठगी, राशि गबन, नौकरी और लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी तथा एक महिला के साथ यौन शोषण के मामले में आरोपी मोहम्मद नूर इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दोनों जिलों की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।


पुलिस के अनुसार, बारसोई प्रखंड के आबादपुर क्षेत्र की कई महिलाओं तथा आजमनगर प्रखंड की जोकर पंचायत की दर्जनों महिलाओं ने आजमनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि नूर इस्लाम ने नौकरी दिलाने और लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की। आरोप है कि उसने कई लोगों से बड़ी रकम लेकर न तो नौकरी दिलाई और न ही लोन की व्यवस्था की।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आजमनगर थाना क्षेत्र के अलावा कटिहार टाउन थाना क्षेत्र के रामपाड़ा इलाके में भी आरोपी के खिलाफ ठगी और एक महिला के यौन शोषण का मामला दर्ज है। कई मामलों में नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।


आखिरकार आजमनगर पुलिस की सहायता से कटिहार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी के इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!