बहादुरगंज /किशनगंज/निशांत
बहादुरगंज प्रखंड के एलआरपी चौक स्थित पावर हाउस में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय विधायक तौसीफ आलम के निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी ड्यूटी के समय शराब के नशे में पाया गया। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक ने तत्काल बहादुरगंज थाना पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ब्रेथ एनलाइजर की मदद से जांच की ।जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद कर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया ।
जानकारी के अनुसार विधायक तौसीफ आलम बिजली आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा के लिए बुधवार की शाम पावर हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें एक कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ और निरीक्षण के दौरान कर्मचारी प्रमोद कुमार के नशे में होने की आशंका हुई। जहाँ विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस को बुलाया।
सूचना मिलने पर बहादुरगंज थाना की टीम पावर हाउस पहुंची और संबंधित कर्मचारी को अपने साथ लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा। पुलिस द्वारा कराई गई जांच में कर्मचारी के शराब सेवन की पुष्टि हो गई। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी कर्मचारी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद पावर हाउस परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं स्थानीय लोगों ने भी सरकारी कार्यालयों और महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े संस्थानों में नियमित निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया। लोगों का कहना है कि बिजली जैसी आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करना चाहिए।
इधर, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार कर्मचारी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


























