नई बाइक से दोस्त से मिलने जा रहा था पोठिया
8 माह पूर्व हुई थी मिलन सोरेन की शादी
सागर चंद्रा / किशनगंज
तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर कलवर्ट से टकरा जाने से दो सवार दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुवाबाड़ी गांव निवासी मिलन सोरेन (23) पिता सोम सोरेन और मौलानी गांव निवासी गिरीश हेम्ब्रम (22) पिता बुधरा हेम्ब्रम के रूप में की गई है। घटना के वक्त दोनों दोस्त पोठिया निवासी दोस्त से मिलने जा रहे थे।
लेकिन गनियाबाड़ी के समीप बाइक अनियंत्रित होकर कलवर्ट से टकरा गई। घटना में दोनों दोस्तों को गंभीर चोटें आई और प्ल्सर बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। राह होकर गुजर रहे राहगीरों ने मिलन सोरेन की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए छत्तरगाछ पीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन बीच रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सक द्वारा जांचोपरांत दोनों को मृत घोषित करते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। अस्पताल प्रबंधन के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के बाद यातायात पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।
परिजनों ने बताया कि मिलन की शादी मात्र 8 माह पूर्व हुई थी। उसने कुछ रुपये बचा कर दो माह पूर्व एक पल्सर बाइक खरीदी थी। गुरुवार को मिलन की मुलाकात गिरीश से हुई थी। दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर पोठिया निवासी दोस्त से मिलने जा रहा था। लेकिन बीच रास्ते में ही दोनों हादसे का शिकार हो गया।


























